जम्मू, रिपब्लिक डे-2026 के मद्देनज़र सुरक्षा एवं आपसी समन्वय व्यवस्थाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से आज पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) जम्मू के कॉन्फ्रेंस हॉल में IGP जम्मू जोन, भीम सेन टूटी (IPS) की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जम्मू स्थित पुलिस, सेना, CAPFs और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य रिपब्लिक डे कार्यक्रमों के शांतिपूर्ण, सुचारू और सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रोटोकॉल, ट्रैफिक प्रबंधन, अंतर-एजेंसी समन्वय और कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों व दर्शकों की सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में CAPFs, भारतीय सेना की विभिन्न यूनिटों, खुफिया एजेंसियों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के DIGs, SSPs तथा IRP बटालियनों के कमांडेंट्स शामिल हुए। इस अवसर पर रिपब्लिक डे-2026 के प्रस्तावित सुरक्षा तैनाती प्लान पर एक विस्तृत प्रेजेंटेशन भी दी गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था, मैनपावर डिप्लॉयमेंट, ट्रैफिक मैनेजमेंट, वेन्यू सिक्योरिटी, एक्सेस कंट्रोल और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को शामिल किया गया।

अधिकारियों को संबोधित करते हुए IGP जम्मू जोन ने सभी संबंधित एजेंसियों के बीच सूक्ष्म योजना, आपसी तालमेल और निर्बाध सूचना साझाकरण पर ज़ोर दिया। उन्होंने उच्च स्तर की सतर्कता, मजबूत सुरक्षा ढांचे और सभी कानून-व्यवस्था एवं आपातकालीन इकाइयों की पूरी तैयारियों को अनिवार्य बताया।

IGP ने SSP जम्मू, SSP ट्रैफिक सिटी तथा सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों को पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, प्रभावी ट्रैफिक नियंत्रण लागू करने और अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
