कटड़ा: नवरात्र महोत्सव-2026 के अंतर्गत मुस्कान चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से बुधवार को श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के आध्यात्मिक विकास केंद्र में ‘हम भी कम नहीं’ सीजन-17 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे दिव्यांग बच्चों और प्रतिभागियों ने अपनी कला, संगीत, योग और असाधारण क्षमताओं का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को भावुक और प्रेरित किया।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद जुगल किशोर शर्मा मुख्य अतिथि, जबकि श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलदेव राज शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि सांसद जुगल किशोर शर्मा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की प्रतिभा और सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बन सकती। इन बच्चों ने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति से साबित किया है कि उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और दिव्यांगजनों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाला बताया।
विधायक बलदेव राज शर्मा ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की प्रस्तुतियां पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी क्षमताओं को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच उपलब्ध करवाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मुस्कान चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में दिव्यांगजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और समावेशिता की भावना को मजबूत करते हैं।

ट्रस्ट के अध्यक्ष संदीप मेहरा ने कहा कि ‘हम भी कम नहीं’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और समाज को उनकी क्षमताओं से परिचित करवाना है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सहानुभूति के साथ-साथ सम्मान, प्रोत्साहन और समान अवसरों की भी आवश्यकता है। ट्रस्ट भविष्य में भी इस दिशा में अपने प्रयास जारी रखेगा।
कार्यक्रम के दौरान गुजरात की ‘रबर गर्ल ऑफ इंडिया’ अन्वी विजय झांझरुकिया ने योग और तैराकी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अहमदाबाद के जय महेश गांगड़िया ने चित्रकला के माध्यम से दर्शकों को प्रभावित किया, जबकि ॐ वर्षा जिग्नेश व्यास ने संस्कृत श्लोकों का गायन कर अपनी स्मरण शक्ति का परिचय दिया। जम्मू के दृष्टिबाधित कलाकारों टिकू और अनमोल शर्मा सहित अन्य प्रतिभागियों ने माता के भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर श्राइन बोर्ड के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सतीश शर्मा, सीआरपीएफ की छठी बटालियन के कमांडेंट प्रदीप कुमार गर्ग गोस्वामी, बीएमओ कटड़ा डॉ. रशपाल रसगोत्रा, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, स्थानीय निवासी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
#JKExpressTV #NavratriMahotsav2026 #Katra #HumBhiKamNahi #DivyangTalent #MataVaishnoDevi #JammuKashmir #Inspiration #MuskanCharitableTrust
