जम्मू: मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज सिविल सचिवालय में पर्यटन विभाग तथा जम्मू-कश्मीर केबल कार कॉर्पोरेशन (JKCCC) के 2026 कैलेंडरों का औपचारिक रूप से अनावरण किया। इन कैलेंडरों में जम्मू-कश्मीर के प्रमुख पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य और आधुनिक पर्यटन अवसंरचना को दर्शाया गया है, जिससे प्रदेश की पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पर्यटन निदेशालय, कश्मीर की आधिकारिक वेबसाइट भी लॉन्च की। यह वेबसाइट पर्यटन स्थलों, आयोजनों, डिजिटल आर्काइव और विभाग से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही मंच पर उपलब्ध कराएगी। साथ ही इसमें जम्मू टूरिज्म, JKTDC, जेएंडके केबल कार कॉर्पोरेशन और अन्य संबद्ध संस्थाओं के उपयोगी लिंक भी शामिल किए गए हैं।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि आज के डिजिटल युग में मजबूत और आधुनिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बेहद आवश्यक है। नई टूरिज्म कश्मीर वेबसाइट पर्यटकों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के लिए सिंगल-विंडो प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगी और जम्मू-कश्मीर के पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गुलमर्ग और सोनमर्ग में इंटीग्रेटेड स्कीइंग कोर्स का भी उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लिए शुरू किए गए इस 14 दिवसीय बेसिक स्कीइंग कोर्स में दो बैचों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे युवाओं को शीतकालीन खेलों में दक्ष बनाकर रोजगार के नए अवसर प्रदान किए जा सकेंगे।