
नई दिल्ली: राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) की मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस, कक्रयाल, रियासी (जम्मू और कश्मीर) को 2025-26 शैक्षणिक सत्र के लिए 50 MBBS सीटों वाली अनुमति (Letter of Permission) तुरंत प्रभाव से रद्द कर दी है। यह निर्णय औचक निरीक्षण में न्यूनतम मानकों की अनुपालना में गंभीर खामियों के कारण लिया गया है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों ने 2025-26 सत्र के लिए इस कॉलेज में एडमिशन लिया था, उन्हें जम्मू और कश्मीर के अन्य मान्यता प्राप्त मेडिकल कॉलेजों में सुपरन्यूमेरी सीटों के रूप में स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि किसी भी छात्र की पढ़ाई प्रभावित न हो। इस स्थानांतरण की प्रक्रिया जम्मू और कश्मीर प्रशासन के संबंधित स्वास्थ्य और काउंसलिंग अधिकारियों द्वारा लागू की जाएगी।

