
रियासी, 2026: रियासी में 10वें वेटरन्स डे के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में माननीय विधायक रियासी श्री कुलदीप राज दुबे ने उपायुक्त रियासी सुश्री निधि मलिक, आईएएस तथा एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के साथ सहभागिता की और दक्षिण पीर पंजाल क्षेत्र के लिए आयोजित ‘ध्रुवा मोटरसाइकिल रैली’ को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली का उद्देश्य देश के पूर्व सैनिकों के शौर्य, अनुशासन और बलिदान को सम्मान देना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कुलदीप राज दुबे ने पूर्व सैनिकों को नमन करते हुए उनके राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान की सराहना की और कहा कि समाज व प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है कि उनके कल्याण हेतु निरंतर कार्य किया जाए। उपायुक्त रियासी तथा वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने भी वेटरन्स से संवाद कर उनके आजीवन सेवा भाव और राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान को सराहा।

इस अवसर पर पूर्व सैनिकों को बीपी मॉनिटर जैसे छोटे स्वास्थ्य उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया। मोटरसाइकिल रैली को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सिविल-मिलिट्री समन्वय को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, रक्षा कर्मियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लेकर सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान और एकजुटता का संदेश दिया।







