सीआईएसएफ वंदे मातरम तटीय साइक्लोथॉन-2026 को आज सुबह 7:30 बजे नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। हरी झंडी के साथ ही इस 25 दिवसीय राष्ट्रीय अभियान का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर सीआईएसएफ की दो साइकिल टीमें एक साथ बक्खाली (पश्चिम बंगाल) और लखपत (गुजरात) से रवाना हुईं। ये टीमें भारत के पूर्वी और पश्चिमी तटों के साथ-साथ लगभग 6,500 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। इस दौरान नौ तटीय राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर करते हुए साइक्लोथॉन का समापन 22 फरवरी 2026 को कोच्चि में होगा।
ध्वजारोहण समारोह में सीआईएसएफ के महानिदेशक श्री प्रवीर रंजन, आईटीबीपी के महानिदेशक श्री शत्रुजीत कपूर, एनआईए के महानिदेशक श्री राकेश अग्रवाल तथा एसएसबी के महानिदेशक श्री संजय सिंघल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। तटीय साइक्लोथॉन के दूसरे संस्करण को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री ने कहा कि यह आयोजन ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों को प्रेरणा दी।
साइक्लोथॉन के दौरान मुंबई, गोवा, मंगलुरु, कोणार्क, विशाखापत्तनम और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें खेल, संस्कृति, फिल्म जगत और विभिन्न सार्वजनिक हस्तियों की भागीदारी देखने को मिलेगी। प्रत्येक पड़ाव पर जागरूकता कार्यक्रम, सांस्कृतिक गतिविधियाँ तथा छात्रों, मछुआरों, बंदरगाह अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों की पहचान, सूचना साझा करने की प्रक्रिया, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाई जाएगी। साथ ही यह पहल बंदरगाहों, शिपयार्ड और अन्य महत्वपूर्ण समुद्री अवसंरचना की सुरक्षा में सीआईएसएफ की अहम भूमिका को भी रेखांकित करती है।

