

नव वर्ष पर माता वैष्णो देवी के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, बूंदाबांदी में भी बना उत्साह
नव वर्ष के आगमन के बाद माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालु कटरा पहुंचकर माता रानी के पावन दर्शन के लिए यात्रा कर रहे हैं। सुबह से ही क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी जारी है, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था में कोई कमी नजर नहीं आ रही है।
यह दृश्य दर्शनीय दरबार से देखने को मिल रहा है, बड़ी संख्या में श्रद्धालु नए साल की शुरुआत माता वैष्णो देवी जी के दर्शन के साथ कर रहे हैं। श्रद्धालु “जय माता दी” के जयकारों के साथ आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
मौसम की चुनौती के बीच भी श्रद्धालु लंबी कतारों में अनुशासन के साथ अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं प्रशासन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से सुरक्षा, स्वास्थ्य और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्रद्धालुओं का कहना है कि माता रानी के दर्शन कर नव वर्ष की शुरुआत करना उनके लिए सौभाग्य की बात है और वे माता से अपने परिवार व देश की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
