रियासी: उपायुक्त रियासी कुमार अभिषेक, जो कि श्री शिव खोरी श्राइन बोर्ड के उपाध्यक्ष भी हैं, ने रनसू स्थित शिव शक्ति भवन में बोर्ड के चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और वर्तमान स्थिति का विस्तृत जायजा लिया गया।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में पूरी हों ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक के बाद उपायुक्त ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति की जांच की तथा अधिकारियों से बातचीत कर आ रही बाधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कार्यदायी एजेंसियों को तकनीकी मानकों का पालन करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने पौनी स्थित तहसील और नायब कार्यालयों का भी निरीक्षण किया और आम जनता को त्वरित व प्रभावी सेवाएं प्रदान करने पर जोर दिया। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त राकेश कुमार, एसीडी विजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एक्सईएन जेपीडीसीएल, तहसीलदार पौनी, बीडीओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

