पौनी तहसील के नजदीक बीती रात अवैध तरीके से खैर के पेड़ों की बड़े पैमाने पर कटाई का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदारों द्वारा रात के समय भारी संख्या में खैर के पेड़ काटे गए, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में लगातार पेड़ों की कटाई हो रही है, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। खैर के पेड़ न केवल वन संपदा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, बल्कि क्षेत्र की जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन के लिए भी बेहद जरूरी माने जाते हैं।

सूत्रों के अनुसार, कटाई का कार्य सुनियोजित तरीके से रात के समय किया जाता है, ताकि किसी की नजर न पड़े। बावजूद इसके, बड़ी मात्रा में पेड़ों की कटाई के बाद भी वन विभाग और प्रशासन की चुप्पी सवाल खड़े कर रही है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।

#jkexpresstv #Reasi #pouni